*संयुक्त मोर्चे ने जिला मुख्यालयों पर धरना प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी की*
*मेघा तिवारी की रिपोर्ट* भोपाल(मध्य प्रदेश) l मध्य प्रदेश अधिकारी कर्मचारी संयुक्त मोर्चा द्वारा पूर्व घोषित आंदोलन के तीसरे चरण के आंदोलन में आज प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर धरना प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की तथा सरकार को चेतावनी देते हुए प्रदेश के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की लंबित 51 सूत्रीय मांगों पर तत्काल वार्ता के माध्यम से निराकरण कराये जाने की मांग की है। मोर्चे द्वारा जारी विज्ञप्ति में दावा किया गया है कि आज 7 फरवरी 2025 को पूर्व घोषित आंदोलन के तीसरे चरण में सभी जिला मुख्यालयों पर अधिकारियों, कर्मचारियों एवं पेंशनरों ने संयुक्त रूप से मिलकर प्रभावी धरना प्रदर्शन किया। जारी विज्ञप्ति मे बताया गया है कि वर्ष 2016 से बंद पदोन्नति प्रारंभ करने, लिपिकों को मंत्रालय के समान समय मान वेतनमान दिए जाने, गृह भाड़ा भत्ता सातवें वेतनमान में पुनरीक्षित करने, पेंशनरों के लिए धारा 49 समाप्त करने, लघु वेतन कर्मचारियों को ग्रेड वेतन एवं पदनाम परिवर्तित करने टैक्सी प्रथा बंद किए जाने, संविदा एवं आउटसोर्स कर्मचारियों को नियमित किए जाने, निगम मंडल के कर्मचारियों को शासकीय सेवकों के समान लाभ दिए जाने, पुरानी पेंशन बहाल किये जाने, कार्यभारित कर्मचारियों को अवकाश नगदी कारण का लाभ दिए जाने, शिक्षकों को नियुक्ति दिनांक से वरिठता प्रदान किए जाने, अनुकम्पा नियुक्ति में सी पी सी टी की अनिवार्यता को समाप्त किए जाने, सहायक ग्रेड 3 को ग्रेड पे 2400 किये जाने, पटवारियों का ग्रेड पे 2800 किये जाने, तीन प्रतिशत महंगाई भत्ता घोषित किए जाने, पेंशन की पूर्ण पात्रता हेतु सेवा अवधि 33 वर्ष के स्थान पर 25 वर्ष किए जाने सहित 51 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदेश के सभी 55 जिला मुख्यालयों पर कलेक्टर कार्यालय के समक्ष तथा भोपाल में सतपुड़ा भवन के समक्ष धरना दिया गया। जारी विज्ञप्ति में दावा किया गया है कि चौथे चरण के आंदोलन में दिनांक 16 फरवरी 2025 को प्रदेश के समस्त जिलों से प्रतिनिधि भोपाल के अंबेडकर जयंती पार्क में अपनी मांगों के समर्थन में एकत्रित होंगे जहां पर एक सभा आयोजित की जाएगी। सभा को मध्य प्रदेश अधिकारी कर्मचारी संयुक्त मोर्चे में सम्मिलित सभी घटक संगठनों के प्रांताध्यक्ष एवं अधिकृत पदाधिकारी संबोधित करेंगे। आज के धरने प्रदर्शन में प्रमुख रूप से संयुक्त मोर्चे के अध्यक्ष एमपी द्विवेदी, संरक्षक एल एन कैलासिया, जितेन्द्र सिंह, संयोजक एस बी सिंह, महेंद्र शर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष सतीश शर्मा, के साथ ही विनोद कुमार विश्वकर्मा, सुरेंद्र निगम, रमेश राठौर, अमोद तिवारी, उमाशंकर तिवारी, जितेंद्र शाक्य, सुभाष शर्मा,विजय रैकवार, फुलेंद्र बहादुर सिंह, संजय कुमार दुबे, अरुण शर्मा, संजय अवस्थी, रामकुंडल सेन, आदि कर्मचारी नेताओं ने सतपुड़ा भवन के समक्ष धरने को संबोधित किया l
एमपी द्विवेदी
अध्यक्ष
मध्य प्रदेश अधिकारी कर्मचारी
संयुक्त मोर्चा भोपाल
