Home » CM बोले-BJP ने हमारे PM का अपमान किया:कहा-भाजपा ने बलात्कारी के साथ प्रधानमंत्री की फोटो लगा दी, अपना समर्थन वापस ले

CM बोले-BJP ने हमारे PM का अपमान किया:कहा-भाजपा ने बलात्कारी के साथ प्रधानमंत्री की फोटो लगा दी, अपना समर्थन वापस ले

by admin

रायपुर. भानुप्रतापपुर उप चुनाव में कांग्रेस के प्रचार के लिए रवाना हो रहे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा, भाजपा ने एक बलात्कारी के साथ प्रधानमंत्री की फोटो लगाकर उनका अपमान किया है। भाजपा के लिए अच्छा होगा कि वे पहले बलात्कारी के साथ लगी प्रधानमंत्री की फोटो हटाएं। ऐसे प्रत्याशी से भाजपा अपना समर्थन भी वापस ले।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, भाजपा हमारे प्रधानमंत्री का अपमान कर रही है। एक नाबालिग बच्ची के साथ बलात्कार करने वाले को कैंडिडेट बना दिया है। अब उसके साथ प्रधानमंत्री की फोटो लगाएं हैं। यह सीधे-सीधे प्रधानमंत्री का अपमान नहीं है? भाजपा ही प्रधानमंत्री का अपमान कर रही है। एक बलात्कारी के साथ प्रधानमंत्री की फोटो लगाएं हैं, यह कितनी अपमानजनक बात है। भाजपा विधायक अजय चंद्राकर के आरोपों से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा, अजय चंद्राकर जी पहले खुद का देख लें। बलात्कार के आरोपी ब्रह्मानंद नेताम के साथ प्रधानमंत्री की फोटो लगाये हैं कि नहीं लगाएं हैं। पहले प्रधानमंत्री की फोटो वहां से हटायें।
मुख्यमंत्री ने कहा, अच्छा तो यह हाेगा कि जब यह पता चल गया कि ब्रह्मानंद नेताम बलात्कारी है तो भाजपा उससे अपना समर्थन वापस ले ले। उनके हाईकमान से भी कहना चाहूंगा कि अपना समर्थन वे वापस लें। एक बलात्कारी के बचाव में भाजपा के राष्ट्रीय स्तर से लेकर प्रदेश स्तर का नेतृत्व क्यों खड़ा है। मुख्यमंत्री ने कहा, मुंह छिपाने से काम नहीं चलेगा। भाजपा नेताओं को आगे बढ़कर ब्रह्मानंद नेताम से अपना समर्थन वापस ले लेना चाहिए। सिंबल तो वापस नहीं हो सकता लेकिन समर्थन तो वापस ले ही सकते हैं।
उप चुनाव में तीन दिन बहुत है
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, कल गुजरात दौरे से लौटा और आज भानुप्रतापपुर जा रहा हूं। वहां नामांकन रैली और कार्यकर्ताओं की बैठक में गया था। उसके बाद आज जा रहा हूं। भानुप्रतापपुर में कम समय देने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा, आज जा रहा हूं, कल जाउंगा फिर तीन दिसम्बर को जाना है। तीन दिन दे रहा हूं एक उप चुनाव के लिए और कितना? यह बहुत है।
कल-परसों आरक्षण के लिए महत्वपूर्ण
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, कल-परसों का दिन बहुत महत्वपूर्ण है। भाजपा की गलत नीतियों के कारण सभी वर्गों को आरक्षण का लाभ नहीं मिल पा रहा था। अब इसके लिए विशेष सत्र बुलाया गया है। इसमें आदिवासियों के, अनुसूचित जाति के, OBC के और EWS सभी का बिल आएगा। मुख्यमंत्री ने कहा, यह विधेयक पारित होगा ही, सदन में उनकी पार्टी का तीन चौथाई बहुमत है। हम चाहेंगे कि इस विधेयक को सर्वसम्मति से पारित किया जाए। अगर भाजपा भी समर्थन करेगी तो अच्छी बात है।
बीजेपी के ब्रह्मानंद नेताम का कांग्रेस की सावित्री मंडावी से मुकाबला है।
बीजेपी के ब्रह्मानंद नेताम का कांग्रेस की सावित्री मंडावी से मुकाबला है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 30 नवंबर को कोडेकुर्सी, भानुप्रतापपुर, पुरी और टंहकापार में चुनावी सभाओं को संबोधित करने वाले हैं। अगले दिन यानी 1 दिसम्बर को मुख्यमंत्री दुर्गुकोंदल और चारामा में जनसभा के बाद रोड शो में भी शामिल होंगे। प्रचार के अंतिम दिन यानी 3 दिसम्बर को मुख्यमंत्री बघेल कोरर और लखनपुरी में सभा को संबोधित करने वाले हैं। यानी इस प्रचार अभियान में रोड शो सहित आठ चुनावी सभाओं को संबोधित करने वाले हैं।
उप चुनाव में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ही कांग्रेस के सबसे बड़े प्रचारक हैं। 17 नवम्बर को नामांकन के बाद मुख्यमंत्री पहली बार इस चुनाव में प्रचार के लिए उतरने वाले हैं। इसके लिए चुनाव अभियान समिति ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। बताया जा रहा है, मुख्यमंत्री की सभा और रोड शो को लेकर सभी स्तर की तैयारी हो रही है। प्रभारी मंत्री अनिला भेंडिया के साथ मंत्री कवासी लखमा भी इसकी जिम्मेदारी संभाले हुए हैं।

Share with your Friends

Related Posts